जेएनएसी पर नाला सफाई में अनियमितता का आरोप, विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि ने डीसी से की जांच की मांग

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू रॉय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) द्वारा बड़े नालों की सफाई में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच किसी सक्षम पदाधिकारी से कराने की मांग की है।

निर्धारित संख्या से कम मजदूर लगाने का आरोप

मुकुल मिश्रा ने अपने पत्र में कहा है कि हर वर्ष बरसात से पहले कदमा और सोनारी क्षेत्र के बड़े नालों की सफाई कराई जाती है। इस वर्ष भी सफाई कार्य शुरू किया गया है, लेकिन निविदा शर्तों के अनुरूप पर्याप्त मजदूर नहीं लगाए जा रहे हैं।उनके अनुसार, नाला सफाई कार्य के लिए 30 मजदूरों की व्यवस्था की गई है, लेकिन मौके पर इससे कम मजदूर काम कर रहे हैं।

सोनारी और कदमा में कम मजदूरों से कराया गया काम

पत्र में आरोप लगाया गया है कि 1 और 2 जून को सोनारी क्षेत्र में केवल 17 मजदूरों को सफाई कार्य में लगाया गया।3 और 4 जून को कदमा क्षेत्र में मात्र 19 मजदूरों से काम कराया गया।मुकुल मिश्रा का कहना है कि निर्धारित संख्या से कम मजदूर लगाए जाने के कारण सफाई कार्य की गति प्रभावित हो रही है।

बारिश से पहले सफाई पूरी नहीं होने की आशंका

उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में सोनारी क्षेत्र में नाला सफाई का कार्य बंद पड़ा है। मौसम विभाग द्वारा जल्द बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में यदि समय पर सफाई कार्य पूरा नहीं हुआ तो सोनारी और कदमा के निचले इलाकों में जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

जेएनएसी अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप

मुकुल मिश्रा ने जेएनएसी के उप नगर आयुक्त और संबंधित विभाग पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्धारित मजदूरों की संख्या से कम श्रमिक लगाने के कारण नाला सफाई कार्य समय पर पूरा होता नहीं दिख रहा है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी जिम्मेदारी जेएनएसी की होगी।

उपायुक्त से जांच की मांग

जनसुविधा प्रतिनिधि ने उपायुक्त से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि नाला सफाई कार्य निर्धारित मानकों और निविदा शर्तों के अनुरूप समय पर पूरा हो।

More From Author

टेल्को में बाइक जब्ती को लेकर हंगामा, युवक ने पुलिस वाहन चालक पर अवैध वसूली का लगाया आरोप

जुगसलाई पुलिस को बड़ी सफलता: हथियार सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद