टेल्को में ईंट-बालू कारोबारी पर जानलेवा हमला, गले पर चाकू सटाकर बदमाश फरार

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ईंट-बालू कारोबारी पर दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने कारोबारी के गले पर चाकू सटाकर धमकाया और विरोध करने पर उन्हें घायल कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और कारोबारियों में भय का माहौल है।

स्टॉक यार्ड में पहुंचकर किया हमला

जानकारी के अनुसार टाउन निवासी सुजीत झा ईंट-बालू के कारोबार से जुड़े हैं। शनिवार को वह रोजाना की तरह अपने स्टॉक यार्ड पहुंचे थे। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे।प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक युवकों ने कहा, “बहुत पैसा कमा रहे हो”, जिसके बाद उन्होंने सुजीत झा को पकड़ लिया और उनके गले पर चाकू सटा दिया। विरोध करने पर चाकू लगने से वह घायल हो गए।

बिना रंगदारी मांगे हमला कर फरार हुए आरोपी

घायल कारोबारी सुजीत झा ने बताया कि वह दोनों युवकों को पहले से नहीं जानते हैं और न ही उनका किसी के साथ कोई विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने किसी प्रकार की रंगदारी या पैसे की मांग नहीं की, बल्कि धमकाते हुए हमला कर मौके से फरार हो गए।इस घटना ने पुलिस के सामने हमले के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

थाने में दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद सुजीत झा टेल्को थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि कारोबारियों पर इस तरह के हमले बेहद चिंताजनक हैं और इससे व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

इधर, टेल्को थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।

More From Author

जमशेदपुर: उपायुक्त राजीव रंजन का कड़ा निर्देश- जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों में लाएं तेजी; पीएम जनमन और धरती आबा अभियान की समीक्षा

पार्वती घाट में नई सुविधाओं का शुभारंभ, पर्यावरण अनुकूल फरनेस और ‘देव आत्मा उद्यान’ जनता को समर्पित