मानगो की 3 वर्षीय लापता बच्ची आफरीन 15 दिन बाद पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद, दंपति गिरफ्तार

जमशेदपुर। मानगो की तीन वर्षीय लापता बच्ची आफरीन को पुलिस ने 15 दिन बाद पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बच्ची को कथित रूप से अपने साथ ले जाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के बाद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

बकरीद की खरीदारी के दौरान हुई थी लापता

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए ललित मीणा ने बताया कि मानगो के हयात नगर निवासी इम्तियाज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बकरीद की खरीदारी करने साकची बाजार गए थे। इसी दौरान उनकी तीन वर्षीय बेटी आफरीन भीड़भाड़ के बीच लापता हो गई थी।घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया और जांच शुरू की।

50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके अलावा तकनीकी एवं मानवीय स्रोतों की मदद से लगातार सुराग जुटाए गए। व्यापक जांच के बाद पुलिस पश्चिम बंगाल के झालदा क्षेत्र तक पहुंची और वहां से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।

कपाली के दंपति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कपाली निवासी अब्दुल जसिम उर्फ लखन और अफसाना बेगम को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनकी कोई संतान नहीं है और बच्चे की चाहत में उन्होंने भीड़भाड़ का फायदा उठाकर बच्ची को अपने साथ ले जाने की योजना बनाई थी।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं बरामद की गई बच्ची को सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना

आफरीन की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस की लगातार जांच, तकनीकी निगरानी और त्वरित कार्रवाई के कारण बच्ची को सुरक्षित वापस लाने में सफलता मिली। इस मामले को लेकर पुलिस की कार्यशैली की सराहना भी की जा रही है।

More From Author

जमशेदपुर में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से दो गोवंश बरामद, गोवंश तस्करी की आशंका

जमशेदपुर: साकची हाई स्कूल में दो दिवसीय कला कार्यशाला का समापन, 40 कलाकारों को मिला सम्मान