गिरिडीह : सोमवार का दिन गिरिडीह जिले के 211 लोगों के लिए यादगार बन गया। जिन लोगों के मोबाइल फोन गुम हो गए थे या चोरी हो गए थे, उन्हें गिरिडीह पुलिस ने विशेष अभियान के तहत बरामद किए गए 211 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। न्यू पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने स्वयं लाभुकों के बीच मोबाइल फोन वितरित किए।मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लाभुकों ने इसे अपनी खोई हुई अमानत मिलने जैसा बताया और गिरिडीह पुलिस की इस पहल की सराहना की।
तकनीकी जांच और साइबर सेल की मदद से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, जिलेभर में गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। मोबाइल के आईएमईआई नंबर, तकनीकी विश्लेषण और साइबर ट्रैकिंग के माध्यम से पुलिस ने विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए।इस अभियान में साइबर सेल और संबंधित थाना पुलिस के समन्वय से कार्रवाई करते हुए कुल 211 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें विभिन्न कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन, एंड्रॉयड मोबाइल और आईफोन भी शामिल हैं।
सत्यापन के बाद वास्तविक मालिकों को लौटाए गए मोबाइल
पुलिस ने आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। लाभुकों में छात्र, व्यवसायी, नौकरीपेशा, गृहिणी और बुजुर्ग भी शामिल रहे।कई लोगों ने बताया कि उनके मोबाइल में बैंकिंग संबंधी जानकारी, महत्वपूर्ण दस्तावेज, पारिवारिक तस्वीरें और जरूरी संपर्क नंबर सुरक्षित थे। मोबाइल वापस मिलने से उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की राहत मिली।
एसपी ने लोगों से समय पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की
इस अवसर पर एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन केवल बातचीत का साधन नहीं, बल्कि बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान, शिक्षा, व्यवसाय और सरकारी सेवाओं का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में मोबाइल खोने या चोरी होने पर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं और मोबाइल का आईएमईआई नंबर उपलब्ध कराएं, ताकि उसकी ट्रैकिंग में आसानी हो और बरामदगी की संभावना बढ़ सके।
पुलिस और जनता के बीच बढ़ा विश्वास
कार्यक्रम में सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार सहित विभिन्न थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक और साइबर सेल की सक्रियता से मोबाइल बरामदगी के मामलों में लगातार सफलता मिल रही है।मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान लाभुकों ने गिरिडीह पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।
