जमशेदपुर: टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को सर्दियों में भी नियमित रूप से चलाने के मुद्दे पर वार्ता के लिए चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया बुधवार को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साकची स्थित कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह समेत सिख समाज के अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
जाड़े में ट्रेन रद्द नहीं करने की मांग
बैठक के दौरान सिख समाज की ओर से डीआरएम के समक्ष मांग रखी गई कि सर्दियों के दौरान जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद नहीं किया जाए। प्रतिनिधियों ने कहा कि ट्रेन के रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।इसके साथ ही सिख समाज ने टाटानगर-जम्मूतवी एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन के बजाय सातों दिन चलाने की मांग भी रखी।
दक्षिण पूर्व रेलवे जोन और बोर्ड से पत्राचार का आश्वासन
डीआरएम तरुण हुरिया ने दोनों मांगों पर दक्षिण पूर्व रेलवे जोन और रेलवे बोर्ड से पत्राचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा से जुड़े दोनों मुद्दों को संबंधित स्तर पर रखा जाएगा।इस दौरान सिख समाज की ओर से डीआरएम का स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने के बाद पहुंचे कार्यालय
बताया गया कि डीआरएम तरुण हुरिया ने बिहार स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने के बाद सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साकची कार्यालय पहुंचकर सीजीपीसी प्रधान सरदार भगवान सिंह और अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात की। बैठक में ट्रेन परिचालन और यात्रियों की सुविधा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
