जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर शनिवार देर रात हुई खूनी चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह ने सोमवार शाम टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी और चिकित्सकों की लगातार कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत के बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल बन गया।
करनी सेना युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष थे हिमांशु सिंह
जानकारी के अनुसार, हिमांशु सिंह सरायकेला-खरसावां जिले में करनी सेना युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही करनी सेना के कार्यकर्ता, समर्थक और बड़ी संख्या में परिजन टीएमएच पहुंच गए। अस्पताल परिसर देर शाम तक समर्थकों से भरा रहा और घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
रीगल गोलचक्कर जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
हिमांशु सिंह की मौत के विरोध में करनी सेना के कार्यकर्ताओं और परिजनों ने देर रात बिष्टुपुर के रीगल गोलचक्कर पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्या के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की।प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस की मौजूदगी में वारदात हुई, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे हमलावर बेखौफ होकर घटना को अंजाम देने में सफल रहे।
सड़क जाम से यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित
रीगल गोलचक्कर पर सड़क जाम होने के कारण शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक जाम का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
सीसीटीवी फुटेज के बाद और गंभीर हुआ मामला
गौरतलब है कि डबल डाउन बार के बाहर हुई इस खूनी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें पुलिस की मौजूदगी के दौरान मारपीट और चाकूबाजी की घटना कैद होने का दावा किया गया है। हिमांशु सिंह की मौत के बाद मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।
