जमशेदपुर:करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद बैकफुट पर आई जमशेदपुर पुलिस अब पूरी तरह आक्रामक मोड में है। मामले की कमान संभाल रहे एडीजी मनोज कौशिक के सीधे निर्देश पर बुधवार को डीएसपी दयानंद के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने डीडी (डबल डाउन) बार के संचालक नीरज सिंह के आवासीय ठिकाने पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घर पर नहीं मिला बार संचालक, पुलिस ने खंगाला कोना-कोना
घटना के बाद से ही पुलिस की रडार पर चल रहा बार संचालक नीरज सिंह पुलिस की भनक लगते ही अपने आवास से फरार हो गया। डीएसपी दयानंद के नेतृत्व में पहुंची टीम ने नीरज सिंह के पूरे घर और परिसर के अन्य हिस्सों को घंटों खंगाला।पुलिस ने घर में मौजूद डिजिटल गैजेट्स, सीसीटीवी फुटेज के बैकअप और बार के संचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कागजातों व बिंदुओं पर गहन जांच-पड़ताल की।
लैंड रोवर डिफेंडर और किआ कार जब्त, जांच के लिए बिष्टुपुर थाना लाई गई
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से नीरज सिंह के उपयोग में आने वाली दो चमचमाती लग्जरी गाड़ियों लैंड रोवर डिफेंडर और किआ कार संचालक द्वारा उपयोग की जाने वाली दूसरी गाड़ी को कानूनन अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस जब्त की गई दोनों कारों को क्रेन और चालकों की मदद से बिष्टुपुर थाना परिसर लेकर आई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों वाहनों की बारीकी से फोरेंसिक और तकनीकी जांच की जाएगी। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि शनिवार रात हुई खूनी झड़प के बाद कहीं इन गाड़ियों का इस्तेमाल अपराधियों को शहर से बाहर भगाने या शरण देने में तो नहीं किया गया था। वाहनों के मालिकाना हक के दस्तावेजों का भी सत्यापन परिवहन विभाग से कराया जा रहा है।
कोल्हान में पुलिस का बड़ा अभियान, नीरज की तलाश तेज
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई महज एक शुरुआत है। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए कड़े अल्टीमेटम के बाद कोल्हान के नए प्रभारी अधिकारी किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या की इस पूरी साजिश और वारदात के समय बार प्रबंधन की क्या भूमिका थी, इसकी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। फरार नीरज सिंह की गिरफ्तारी के लिए जमशेदपुर के अलावा रांची और बिहार के संभावित ठिकानों पर भी पुलिस की विशेष टीमें दबिश दे रही हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि जांच के दायरे में आने वाले किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाएगा।
