जमशेदपुर एसपी कार्यालय में बुधवार देर रात एडीजी मनोज कौशिक और डीआईजी ने पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में दोनों जिलों के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी मौजूद रहे।
24 घंटे में बार और पब की जांच का निर्देश
बैठक के दौरान एडीजी मनोज कौशिक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने थाना क्षेत्र में संचालित सभी बार और पब की 24 घंटे के भीतर जांच कर रिपोर्ट संबंधित एसडीओ को सौंपें। जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार आरोपियों पर कसेगा शिकंजा
एडीजी ने बताया कि हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की संपत्ति, बैंक खातों और आय के स्रोतों की भी विस्तृत जांच की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।
कंट्रोल रूम करेगा हर सूचना की मॉनिटरिंग
एडीजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आपराधिक घटना या सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम प्रत्येक सूचना का पंजीकरण कर उसकी मॉनिटरिंग करेगा और समयबद्ध कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर पुलिस का फोकस
बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
