जमशेदपुर: बढ़ते अपराध के खिलाफ भाजपा बर्मामाइंस मंडल का बर्मामाइंस बाजार में मशाल जुलूस, 3 जुलाई को शहर बंद का आह्वान

जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में पिछले कुछ दिनों से लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, सरेराह लूटपाट और बढ़ती आपराधिक वारदातों के विरोध में सियासत पूरी तरह गर्मा गई है। इन घटनाओं के खिलाफ जन-आक्रोश को आवाज देते हुए गुरुवार शाम भाजपा बर्मामाइंस मंडल के अध्यक्ष श्री रितेश झा के नेतृत्व में बर्मामाइंस बाजार में एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। हाथों में जलती मशालें और सरकार व पुलिस प्रशासन विरोधी नारे लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम जनता से 03 जुलाई (शुक्रवार) को प्रस्तावित ‘जमशेदपुर बंद’ को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की।

व्यापारियों, दुकानदारों और ऑटो चालकों से समर्थन की अपील

मशाल जुलूस के दौरान बर्मामाइंस बाजार के प्रमुख रास्तों का भ्रमण करते हुए भाजपा नेताओं ने स्थानीय व्यवसायियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद किया।बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा ने अपील करते हुए कहा कि यह बंद किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि जमशेदपुर के हर नागरिक की सुरक्षा और व्यापारियों के हक के लिए है।कार्यकर्ताओं ने सभी छोटे-बड़े दुकानदारों, थोक व्यापारियों, प्रतिष्ठान स्वामियों और ऑटो चालकों से जनहित में अपनी-अपनी सेवाएं व दुकानें बंद रखकर इस आंदोलन को अपना नैतिक समर्थन देने का आग्रह किया, ताकि सोई हुई कानून-व्यवस्था को जगाया जा सके।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में दिखा दम

इस मशाल जुलूस में भाजपा के कई कद्दावर स्थानीय चेहरों और वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की, जिससे आंदोलन को और मजबूती मिली। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री रामबाबू तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री कुलवंत सिंह बंटी और भाजपा के वरिष्ठ सिख नेता व समश्री सतवीर सिंह सोमू मुख्य रूप से शामिल हुए।नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि जमशेदपुर अपराधियों की गढ़ बनता जा रहा है, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

“सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन होगा और उग्र”

भाजपा बर्मामाइंस मंडल ने साफ शब्दों में जिला प्रशासन और राज्य सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि 3 जुलाई का जमशेदपुर बंद केवल एक सांकेतिक विरोध है। यदि इसके बाद भी शहर में अपराध पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया, पुलिस गश्त नहीं बढ़ी और अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में लोकतांत्रिक तरीके से जनहित में इस आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

जुलूस में शामिल मुख्य पदाधिकारी

जुलूस में मंडल महामंत्री जोगिंदर सिंह सोनू, सौरभ श्रीवास्तव, वर्मा कंसारी, राम मादी, धर्म नाग, मंडल उपाध्यक्ष राकेश चौधरी, राममूर्ति सिंह, पवन नाग, लक्ष्मीकांत तिवारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष रविजेंट सिंह, कैलाशपति मिश्र, मधु तांती, कपूरा सुंडी, हीरा देवी, महालक्ष्मी देवी, निरमा देवी, जयशंकर जी, मुकेश अग्रवाल, मिलन कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।

More From Author

बागबेड़ा पुलिस ने आर्म्स एक्ट के दो फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जमशेदपुर : बिग बाजार के पास एनएच-33 पर तेज रफ्तार वैन ने मचाया कहर, ऑटो पलटा, पांच लोग घायल