जमशेदपुर: शहर के एनएच-33 पर गुरुवार को तेज रफ्तार वैन की लापरवाही से बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रही वैन ने पहले एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसके बाद वैन चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रही एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
बच्चा और दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल
हादसे में ऑटो में सवार एक बच्चा और दो महिलाएं घायल हो गईं। वहीं बाइक पर सवार दो लोगों को भी गंभीर चोटें आईं। इस तरह दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वैन की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आया है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
