जमशेदपुर: शहर में शुक्रवार को प्रस्तावित बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सभी शहरी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।फ्लैग मार्च में करीब 50 टैंगो मोबाइल, पीसीआर वाहन, थाना गश्ती दल और अन्य पुलिस वाहनों को शामिल किया गया। पुलिस का काफिला बिष्टुपुर, साकची सहित शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान आम लोगों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
जबरन बंद कराने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, जबरन दुकानें बंद कराने, तोड़फोड़, सड़क जाम या कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
एसएसपी ने अधिकारियों को दिए सतर्क रहने के निर्देश
एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, मोबाइल पेट्रोलिंग टीम और त्वरित कार्रवाई दल को तैयार रखा गया है।
सुरक्षा का भरोसा, अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस का कहना है कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य शहरवासियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और संभावित उपद्रवियों को यह स्पष्ट संदेश देना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
