आदित्यपुर : भाजपा नेत्री एवं जामा की पूर्व विधायक सीता सोरेन रविवार को आदित्यपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने डीडी बार हत्याकांड में मृत हिमांशु सिंह के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
राज्य सरकार पर बोला हमला
परिजनों से मुलाकात के बाद सीता सोरेन ने झारखंड सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उनके अनुसार प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराधों से आम लोगों में भय का माहौल है।
हिमांशु सिंह को बताया होनहार युवा
सीता सोरेन ने कहा कि हिमांशु सिंह एक होनहार युवा थे और अपने माता-पिता का इकलौता सहारा थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कस्टडी में उनकी निर्मम हत्या हुई, जो राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस मामले के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
एसएसपी से फोन पर की बात
भाजपा नेत्री ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से फोन पर पूरे मामले की जानकारी ली और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
जनता से की एकजुट होने की अपील
सीता सोरेन ने लोगों से अन्याय और अपराध के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल सरकार के खिलाफ जनता को मजबूती से अपनी बात रखनी चाहिए।गौरतलब है कि जमशेदपुर के डीडी बार में हुई घटना के बाद हिमांशु सिंह की मौत को लेकर पूरे कोल्हान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
