जमशेदपुर: इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट्स, वेनेरियोलॉजिस्ट्स एंड लेप्रोलॉजिस्ट्स (आईएडीवीएल) झारखंड स्टेट ब्रांच की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण रविवार को बिष्टुपुर स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में किया गया। वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञों ने वेबसाइट का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर आईएडीवीएल झारखंड के पदाधिकारी, त्वचा रोग विशेषज्ञ और शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
त्वचा रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य
आईएडीवीएल झारखंड के पदाधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट का मुख्य उद्देश्य राज्य के लोगों को त्वचा, बाल और नाखून से जुड़ी बीमारियों के बारे में सही और वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना है। इसके अलावा संस्था द्वारा आयोजित जनहित कार्यक्रमों, स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों, वैज्ञानिक गतिविधियों, सेमिनार, कार्यशालाओं और अन्य आयोजनों की जानकारी भी इसी मंच पर उपलब्ध होगी।
लोगों तक पहुंचेगी वैज्ञानिक और प्रमाणिक जानकारी
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल युग में लोगों तक प्रमाणिक स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाना बेहद आवश्यक है। वेबसाइट के माध्यम से लोग त्वचा रोगों से जुड़े मिथकों और अफवाहों से बच सकेंगे तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओर से उपलब्ध कराई गई वैज्ञानिक जानकारी का लाभ उठा सकेंगे। इससे समय पर उपचार के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
विशेषज्ञों ने पहल की सराहना की
समारोह में डॉ. आर. कुमार, डॉ. राजीव ठाकुर सहित कई वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह वेबसाइट आईएडीवीएल झारखंड और आम जनता के बीच एक प्रभावी संवाद का माध्यम बनेगी तथा राज्य में त्वचा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को नई दिशा देगी।
