जमशेदपुर : कदमा फायरिंग कांड के मुख्य आरोपी अनिल सोना और कृष्णा सोना गिरफ्तार, देसी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में हुए फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अनिल सोना और उसके भाई कृष्णा सोना को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। साथ ही दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।

2 जुलाई की रात हुई थी फायरिंग

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि यह घटना 2 जुलाई की रात कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में हुई थी। फायरिंग में संजय टांडी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गोली उनके जबड़े में लगी थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया।

आपसी विवाद बना फायरिंग की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की वजह आपसी विवाद था। विवाद के दौरान आरोपियों ने संजय टांडी पर गोली चला दी। घटना के बाद कदमा थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में बरामद हुआ हथियार

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। इसके अलावा दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

गढ़वा में अवैध गांजा की खेती का भंडाफोड़, 1800 पौधे जब्त, 118 किलो फसल नष्ट

आदित्यपुर: हिमांशु सिंह के परिजनों से मिलीं सीता सोरेन, कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर साधा निशाना