जमशेदपुर। सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केरुवाडूंगरी पंचायत के रीदय टोला स्थित छोटे तालाब से करीब 60 वर्षीय रंजीत दास का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में एक शव तैरता देखा, जिसके बाद इसकी सूचना सुंदरनगर थाना पुलिस को दी गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। बाद में मृतक की पहचान रंजीत दास (60 वर्ष) के रूप में हुई।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जुट गए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
सुंदरनगर थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
