रांची। सोशल मीडिया पर चर्चित होने के लिए थाना परिसर के अंदर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। रांची के चुटिया थाना परिसर में रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। युवक को थाना बुलाकर उसकी परेड कराई गई और बाद में पीआर बॉन्ड भरवाने के बाद छोड़ दिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी रील
जानकारी के अनुसार, साहिल महतो नामक युवक ने कुछ दिन पहले चुटिया थाना परिसर में रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जानकारी थाना प्रभारी पूनम कुजूर को मिली, जिसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाना बुलाया।
गलती स्वीकार कर मांगी माफी
पुलिस ने युवक को उसकी गलती का एहसास कराने के लिए थाना परिसर में परेड कराई। कार्रवाई के दौरान साहिल महतो ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का आश्वासन दिया।इसके बाद पुलिस ने उससे पीआर बॉन्ड भरवाया और चेतावनी देकर छोड़ दिया।
पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने कहा कि सरकारी कार्यालयों, विशेषकर थाना परिसर में बिना अनुमति वीडियो या रील बनाना अनुचित है। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए यदि कोई व्यक्ति कानून और नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
