गम्हरिया । गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ के सामने मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कथित लापरवाही के विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या MH12LT-8538 ने पीछे से बाइक संख्या JH05DN-3281 को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।हादसे में 22 वर्षीय मोहम्मद निसार, पिता मोहम्मद यूनुस, निवासी अंसार नगर, डेमडुबी (कपाली ओपी क्षेत्र) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान, निवासी गौसनगर (कपाली ओपी क्षेत्र) गंभीर रूप से घायल हो गया।
टीएमएच में इलाज के दौरान रेहान ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर मोहम्मद रेहान को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।बताया जा रहा है कि दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम कर देर रात अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
एंबुलेंस और पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद काफी देर तक न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।
