पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का बढ़ता प्रकोप, 10 दिनों में 1,374 मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया विशेष अभियान

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के बढ़ते संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 10 दिनों में जिलेभर में 39,962 लोगों की जांच की गई, जिसमें 1,374 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। इनमें ब्रेन मलेरिया (सेरेब्रल मलेरिया) के मरीज भी शामिल हैं। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी और व्यापक जांच अभियान शुरू करने का फैसला लिया है।

एक दिन में मिले 95 नए मरीज

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, हालिया जांच अभियान के तहत 10,202 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 95 नए मरीज सामने आए। इनमें सामान्य मलेरिया के साथ-साथ ब्रेन मलेरिया के मामले भी शामिल हैं।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब जिस गांव में एक भी मलेरिया संक्रमित मरीज मिलेगा, वहां तीन दिनों के भीतर पूरे गांव की शत-प्रतिशत जांच कराई जाएगी।

सिविल सर्जन ने दिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने के निर्देश

मलेरिया नियंत्रण अभियान की समीक्षा को लेकर अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया कि प्रभावित क्षेत्रों में अभियान को युद्धस्तर पर चलाया जाए। डॉ. साहिर पाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर रैपिड डायग्नोस्टिक किट के माध्यम से लोगों की जांच करेंगी।उन्होंने प्रतिदिन कम से कम 5,000 लोगों की जांच सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

आईएचआईपी पोर्टल पर तुरंत अपलोड होगी मरीजों की जानकारी

बैठक में निर्देश दिया गया कि जांच के दौरान मिलने वाले प्रत्येक मलेरिया पॉजिटिव मरीज का विवरण तत्काल आईएचआईपी पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि संक्रमण की प्रभावी निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।कार्यक्रम प्रबंधन इकाई को जरूरतमंद मरीजों तक दवाएं और मेडिकल किट उपलब्ध कराने के लिए लगातार क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश भी दिए गए।

आईएरएस स्प्रे और जांच किट की उपलब्धता बढ़ाई गई

स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को प्रतिदिन जांच रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजने और जांच के दौरान जियो-टैग फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।वेक्टर जनित रोग कार्यक्रम से जुड़े कर्मी प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चला रहे हैं। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए इंडोर रेजिडुअल स्प्रे भी कराया जा रहा है। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों को पर्याप्त मात्रा में मलेरिया जांच किट उपलब्ध कराई जा रही है।

More From Author

गम्हरिया: टाटा-कांड्रा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत

हिमांशु सिंह हत्याकांड: मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा हूलिया बदलकर पहुंचा व्यवहार न्यायालय ,जमशेदपुर कोर्ट में किया सरेंडर