हिमांशु सिंह हत्याकांड: मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा हूलिया बदलकर पहुंचा व्यवहार न्यायालय ,जमशेदपुर कोर्ट में किया सरेंडर

जमशेदपुर। बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कई दिनों से फरार चल रहा आरोपी कथित तौर पर हूलिया बदलकर अदालत पहुंचा और पुलिस की नजरों से बचते हुए सीधे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में सरेंडर कर दिया। न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया।

27 जून की वारदात के बाद से था फरार

विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा 27 जून की रात बिष्टूपुर स्थित डीडी बार एंड कैफे के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या का मुख्य आरोपी है। घटना के बाद से वह फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए जमशेदपुर पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर था।

हूलिया बदलकर कोर्ट पहुंचा आरोपी

सूत्रों के अनुसार, बोदरा ने अदालत पहुंचने से पहले अपना हूलिया पूरी तरह बदल लिया था, जिससे उसकी पहचान करना आसान नहीं था। इसी का फायदा उठाकर वह कोर्ट परिसर में प्रवेश करने में सफल रहा और सीजेएम की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस रिमांड की तैयारी में

आत्मसमर्पण की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। न्यायालय की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया गया।अब पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकता है।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का बढ़ता प्रकोप, 10 दिनों में 1,374 मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया विशेष अभियान

बोकारो: बीएसएल क्वार्टर की सीढ़ी की रेलिंग गिरी, बड़ा हादसा टला; दो परिवार बच्चों समेत ऊपरी मंजिल पर फंसे