जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनने की घटना का जमशेदपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घड़ी पार्क के पास हुई थी चेन स्नैचिंग
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को टेल्को घड़ी पार्क के समीप स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद टेल्को थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया।
वाहन जांच के दौरान आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान हुडको टेस्टिंग यार्ड के पास वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम हो (25 वर्ष), निवासी गोविंदपुर के रूप में हुई।
चोरी की बाइक और चेन के टुकड़े बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से छीनी गई सोने जैसी चेन के दो टूटे हुए टुकड़े तथा घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की।पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिंडी के साथ मिलकर चेन छिनतई की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने यह भी बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक उसी दिन सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह से चोरी की गई थी।
आरोपी पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विक्रम हो के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, चेन छिनतई और अन्य आपराधिक मामलों के करीब 10 मामले पहले से दर्ज हैं।गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
