जमशेदपुर। शहर के व्यापारियों के संगठन जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की दुकानों के किराये में की गई वृद्धि का विरोध किया है। संगठन ने प्रशासन से किराया निर्धारण पर पुनर्विचार करने और अंतिम निर्णय होने तक पुराने किराया दर पर ही राशि वसूलने की मांग की है।
‘अचानक किराया बढ़ाना छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ’
एसोसिएशन द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि शहर के हजारों दुकानदार वर्षों से अपनी दुकानों का संचालन कर रहे हैं और इसी व्यवसाय से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। व्यापारी नियमित रूप से निर्धारित नियमों के तहत किराया भी जमा करते रहे हैं।संगठन का कहना है कि अचानक किराये में वृद्धि लागू करना छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में इतनी अधिक किराया वृद्धि व्यापारियों के लिए असहनीय साबित हो सकती है।
सर्वसम्मति से तय हो किराया
जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन का कहना है कि दुकानों का किराया किसी एकतरफा निर्णय के आधार पर तय नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए प्रशासन, संबंधित विभाग और व्यापारियों के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा कर सर्वमान्य और व्यवहारिक समाधान निकाला जाना चाहिए।संगठन ने यह भी मांग की कि किराया निर्धारण के दौरान बाजार की वास्तविक स्थिति, व्यापारियों की आर्थिक क्षमता और संबंधित नियमों को ध्यान में रखा जाए।
पुराने दर पर ही किराया लेने की मांग
एसोसिएशन ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जब तक किराया निर्धारण पर अंतिम और सर्वसम्मत निर्णय नहीं हो जाता, तब तक दुकानदारों से पुराने किराया दर पर ही किराया लिया जाए।संगठन ने कहा कि वह व्यापारियों के हितों और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सकारात्मक सहयोग देने को तैयार है। साथ ही उम्मीद जताई कि प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर न्यायसंगत और व्यावहारिक निर्णय लेगा।
