मानगो राहुल बच्चा हत्याकांड: मुख्य आरोपी शब्बे का पुलिस ‘हाफ एनकाउंटर’, हथियार बरामदगी के दौरान पैर में लगी गोली

जमशेदपुर: राहुल बच्चा हत्याकांड के मुख्य आरोपी शब्बे को गुरुवार तड़के पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लग गई। यह घटना मानगो थाना क्षेत्र स्थित स्मृति पार्क में उस समय हुई, जब पुलिस आरोपी को उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए लेकर गई थी।

दो पिस्तौल बरामद, फायरिंग का प्रयास करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, स्मृति पार्क में शब्बे की निशानदेही पर दो पिस्तौल बरामद की गईं। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक लोडेड पिस्तौल उठा ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करने का प्रयास किया।स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की। आत्मरक्षा में मानगो थाना के सब-इंस्पेक्टर संजय ने गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी।

सिटी एसपी ने दी घटना की जानकारी

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आरोपी के पैर में दो गोलियां लगी हैं। घायल शब्बे को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।पुलिस पूरे घटनाक्रम की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच कर रही है।

बुधवार शाम हुई थी राहुल बच्चा की हत्या

बुधवार शाम मानगो के मुंशी मोहल्ला के पास राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात में शब्बे और उसके साथियों का नाम सामने आया था।घटना के बाद देर रात शब्बे ने अपने कुछ साथियों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ और हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी।

प्रेम प्रसंग को बताया जा रहा हत्या की वजह

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, राहुल बच्चा और शब्बे के बीच एक युवती को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों के बीच रंजिश बढ़ी, जिसने हत्या का रूप ले लिया।हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल जारी है।

More From Author

जमशेदपुर: मानगो में प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, युवक की गोली मारकर और धारदार हथियार से हमला कर हत्या

साकची में अनियंत्रित ट्रक कोटक महिंद्रा बैंक में घुसा, चालक घायल, बड़ा हादसा टला