जमशेदपुर में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला, पुलिस ने 6 घंटे में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

डायल-112 की सूचना पर पुलिस पहुंची मौके पर

ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडवाला ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 8 जुलाई की देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सिमुलडांगा गांव के समीप सड़क किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

घुमाने के बहाने ले जाकर दुष्कर्म का आरोप

पुलिस के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि दो युवक उसे डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट घुमाने के बहाने अपने साथ ले गए। वहां उसे शराब पिलाई गई और बाद में सुनसान स्थान पर ले जाकर दोनों ने कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी उसे घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए।

एसआईटी का गठन, छह घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया।तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, स्थानीय सूचना तंत्र और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने घटना के महज छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश – निवासी एमजीएम थाना क्षेत्र और जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा – निवासी मानगो के है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पेशे से चालक (ड्राइवर) हैं।

घटना में प्रयुक्त सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल ,एक मोबाइल फोन,शराब और बीयर की खाली बोतलें,डिस्पोजेबल ग्लास और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किया है।

जांच जारी, आरोपियों को भेजा जाएगा न्यायिक हिरासत

ग्रामीण एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। वहीं, पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है।

More From Author

पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी के विरोध में जमशेदपुर में प्रदर्शन, गृह मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

झारखंड ग्रामीण बैंक की 82 शाखाओं की समीक्षा बैठक, वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं पर दिया गया जोर