मुसाबनी में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, टाटा मैजिक से 312 बोतल विदेशी शराब बरामद

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन जब्त किया गया, जबकि वाहन चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन मालिक समेत अन्य आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि 8 जुलाई की मध्य रात्रि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक टाटा मैजिक वाहन से अवैध शराब की बड़ी खेप मुसाबनी क्षेत्र में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही है।सूचना के सत्यापन के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी थाना पुलिस ने जादूगोड़ा-मुसाबनी मुख्य मार्ग पर एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के सामने सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

वाहन से 312 बोतल विदेशी शराब बरामद

चेकिंग के दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05BN2155) को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी में पुलिस ने 25 कार्टन में पैक 300 बोतल किंगफिशर बीयर और 1 कार्टन में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलीट व्हिस्की बरामद किया। पुलिस ने कुल 312 बोतल विदेशी शराब जब्त कर ली।

चालक और खलासी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से जानूम सिंह सुंडी (25 वर्ष) – चालक और सोमा पूर्ति (30 वर्ष) – खलासी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि शराब की खेप जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से लेकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी, जहां इसकी अवैध बिक्री की योजना थी।

वाहन मालिक की तलाश जारी

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जब्त टाटा मैजिक वाहन भी बुधराम बेसरा के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

आबकारी अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज

इस मामले में मुसाबनी थाना कांड संख्या 23/2026 (दिनांक 9 जुलाई 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274/275 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 47(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

झारखंड ग्रामीण बैंक की 82 शाखाओं की समीक्षा बैठक, वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं पर दिया गया जोर

पुड़ीसिल्ली में ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल, ट्रेलर जब्त; चालक फरार