बागबेड़ा में सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

जमशेदपुर : बागबेड़ा मंडल कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र की बदहाल सफाई व्यवस्था, समय पर कचरा उठाव नहीं होने और नालों की सफाई की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ सुमित कुमार को मांग पत्र सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

कचरे के अंबार से लोगों को हो रही परेशानी

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बागबेड़ा कॉलोनी और आसपास के इलाकों में नियमित रूप से कचरा नहीं उठाए जाने के कारण जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे दुर्गंध फैल रही है और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नालों की सफाई नहीं होने से जलजमाव और बीमारी का खतरा

नेताओं ने कहा कि बरसात से पहले बड़े नालों और नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और मलेरिया व डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन

मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर नियमित सफाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई, कचरा उठाव शुरू नहीं हुआ और सड़कों पर जमा कचरे का निस्तारण नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला: राकेश साहू

जिला महासचिव एवं जमशेदपुर ग्रामीण प्रखंड प्रभारी राकेश साहू ने कहा कि यह जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। प्रशासन को तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, बागबेड़ा मंडल प्रभारी अरुण त्रिपाठी, प्रदेश कोऑर्डिनेटर परितोष सिंह, संजय झा, संत राजेंद्र सिंह, सुल्तान अहमद, सूरज मुंडा, मनोज मिश्रा, रूबी ठाकुर, अनिरुद्ध पुरी, नारायण दे, केडी मुंडा, नागेंद्र सिंह, चंदन गुप्ता, मोहम्मद रियाज, बबलू गुप्ता, उमेश यादव, रवि यादव, सहदेव उपाध्याय, रवि कुमार यादव, राजेश कुमार दुबे, बृजेश मिश्रा, पप्पू कुमार, अजय कुमार, आदित्य कुमार, विनोद यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More From Author

मानगो के 15 नंबर रोड पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस पर जमशेदपुर में भव्य कार्यक्रम, 1.60 करोड़ मत्स्य स्पॉन का हुआ वितरण