जमशेदपुर में परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी समिति की वार्षिक आमसभा आयोजित

जमशेदपुर में परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी समिति की वार्षिक आमसभा रविवार को बाबा लक्ष्मीनाथ सभागार में शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में समिति के आजीवन सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन के विकास, वित्तीय स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद समिति के अध्यक्ष मानस कुमार मिश्रा ने सभी आजीवन सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की एकता और समाज हित में सभी के सहयोग की सराहना की।

विकास कार्यों और आय-व्यय का प्रस्तुत किया गया विवरण

महासचिव चंद्रशेखर झा ने पिछले तीन वर्षों में समिति द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी तथा पिछली आमसभा में पारित प्रस्तावों की प्रगति से सदस्यों को अवगत कराया।वहीं, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने पिछले दो वर्षों का आय-व्यय विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किया, जिस पर विस्तृत चर्चा हुई।

सदस्यों ने दिए संगठन को मजबूत बनाने के सुझाव

लेखा-जोखा और संगठनात्मक कार्यों पर चर्चा के दौरान लखन ठाकुर, अमोल कुमार मिश्रा, चंदेश्वर खान, आदित्य मिश्रा, नारायण झा, राजकुमार झा, विजय कुमार खान, डॉ. सुरेश झा, शैलेश सिंह और ललन झा सहित कई वरिष्ठ सदस्यों ने अपने सुझाव और विचार रखे। सभी ने समिति को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर बल दिया।

सर्वसम्मति से वर्तमान कार्यकारिणी को फिर मिला दायित्व

बैठक के अगले चरण में वर्तमान कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की जिम्मेदारी समाज के वरिष्ठ सदस्य के.के. झा को सौंपी गई।सभी पक्षों की राय सुनने के बाद के.के. झा ने उपस्थित सदस्यों से निवर्तमान कार्यकारिणी के समर्थन में मत मांगा। आमसभा में मौजूद 310 आजीवन सदस्यों ने हाथ उठाकर वर्तमान कार्यकारिणी पर अपना विश्वास व्यक्त किया।इसके बाद ध्वनिमत से सर्वसम्मति के आधार पर वर्तमान कार्यकारिणी को अगले तीन वर्षों के लिए पुनः समिति की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया।

एकता और समाज सेवा का लिया संकल्प

बैठक का समापन संगठन की एकता, सामाजिक विकास और समाजहित में मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

More From Author

एसएसपी एहतेशाम का गालूडीह और घाटशिला थाना का औचक निरीक्षण, अवैध कारोबार पर कार्रवाई के निर्देश

सरयू राय का पुतला दहन के दौरान हुआ हादसा, दो कांग्रेस नेता झुलसे