जमशेदपुर के मानगो और ओलीडीह क्षेत्र में एक ही रात 12 दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और चोरी का सामान भी बरामद किया है।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मानगो और ओलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
11-12 जुलाई की रात बनाया था 12 दुकानों को निशाना
पुलिस के अनुसार, 11 और 12 जुलाई की मध्यरात्रि चोरों ने मानगो और ओलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी।चोरों ने जगदंबा होटल के समीप स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक,आटा चक्की,फल दुकान,सुमन स्टोरके अलावा मानगो थाना क्षेत्र के वैभव लक्ष्मी मेडिकल,शिव स्टोर,गीतांजली स्टोर सहित कई अन्य दुकानों को निशाना बनाया था।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
दुकानदारों की शिकायत पर ओलीडीह ओपी में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व तथा डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार की निगरानी में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर हेम्ब्रम,मुकदर सामद,गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू और विक्की मुखी के रूप में हुई है। सभी आरोपी ओलीडीह थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
चोरी के औजार और सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और चोरी का सामान बरामद किया है, जिनमें शामिल हैं लोहे का चापड़,लोहे का रॉड (साबल),चैन पुली,चोरी की एक सिलाई मशीन।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं चोरी के मामले
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी शंकर हेम्ब्रम के खिलाफ पहले से चोरी के दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
