सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चर्चित सुजय नंदी हत्याकांड समेत कई आपराधिक मामलों के आरोपी कृष्णा गोप को गुरुवार देर शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसके पैतृक आवास माझी टोला लाया गया।यहां कृष्णा गोप ने अपने दिवंगत पिता अर्जुन गोप के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन किया और परंपरा के अनुसार अर्थी को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी।
पार्वती घाट पर संपन्न हुआ अंतिम संस्कार
पैतृक आवास से पुलिस कृष्णा गोप को कड़े सुरक्षा घेरे में जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट लेकर पहुंची। यहां धार्मिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के अनुसार अर्जुन गोप का अंतिम संस्कार कराया गया।
पूरे कार्यक्रम में रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
अंतिम संस्कार के दौरान आदित्यपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रही और पूरे कार्यक्रम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए विशेष निगरानी रखी गई।
समर्थकों की भी रही मौजूदगी
अंतिम संस्कार के दौरान कृष्णा गोप के समर्थकों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी देखी गई। हालांकि पुलिस की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के चलते पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।पुलिस ने पैतृक आवास से लेकर अंतिम संस्कार स्थल तक पूरे मार्ग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
