जमशेदपुर:जमशेदपुर के बागबेड़ा कॉलोनी स्थित कुंवर सिंह मैदान, रोड नंबर-3 में पाइपलाइन लीकेज, क्षतिग्रस्त स्लैब और अधूरे पक्कीकरण की समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। यह पहल पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के प्रयासों से संभव हुई।सुनील गुप्ता ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार को सौंपे गए मांगपत्र में बताया था कि इंटर कनेक्शन के बाद करीब 50 घरों में जलापूर्ति शुरू तो हो गई, लेकिन पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने के कारण सड़क पर जलभराव हो रहा था। वहीं, टूटे हुए स्लैब और अधूरे पक्कीकरण से स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की भी उठाई मांग
मांगपत्र में यह भी कहा गया था कि यदि समय पर कार्य पूरा नहीं किया गया तो संबंधित संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक अभियंता ने कनीय अभियंता आशुतोष को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।इसके बाद संवेदक ने मजदूरों को लगाकर पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत, क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत और अधूरे पक्कीकरण का कार्य शुरू करा दिया।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
कार्य शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली और त्वरित कार्रवाई के लिए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की सराहना की।इस अवसर पर सुनील गुप्ता ने कहा,”मैं वादों की नहीं, काम पर विश्वास रखता हूं। क्षेत्र की जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करता रहूंगा।”उन्होंने पीएचईडी के अधिकारियों और स्थानीय लोगों का सहयोग एवं त्वरित कार्रवाई के लिए आभार भी व्यक्त किया।
