जमशेदपुर: लौहनगरी के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2 में गुरुवार देर रात चापड़बाजी की वारदात सामने आई है। बाबा फर्नीचर और फारूकी मस्जिद के समीप अज्ञात अपराधियों ने कैफ खान नामक युवक पर धारदार चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया एमजीएम अस्पताल , हमलावर फरार
मिली जानकारी के अनुसार वारदात के तुरंत बाद लहूलुहान अवस्था में पड़े कैफ खान को स्थानीय निवासियों की मदद से आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज जारी है ।डॉक्टर ने बताया कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
कदमा पुलिस जांच में जुटी; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2, बाबा फर्नीचर और फारूकी मस्जिद के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के रूट और पहचान का सुराग मिल सके।
शहर में बढ़ती चापड़बाजी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश
कदमा और आसपास के इलाकों में लगातार सामने आ रही चापड़बाजी और आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों में काफी आक्रोश और डर का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने जिला पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और इस हमले में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की पुरजोर मांग की है।।
