जमशेदपुर: बंगाल क्लब में गुरुवार को एटक लीगल सेल की प्रेस वार्ता आयोजित हुई। इसमें मजदूरों के शोषण, असुरक्षित कार्यस्थल और औद्योगिक दुर्घटनाओं के मामलों में श्रम कानूनों के कथित उल्लंघन को लेकर चिंता जताई गई। संगठन ने ठेका मजदूरों के वेतन, रोजगार रिकॉर्ड, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
ठेका मजदूरों के अधिकारों में पारदर्शिता जरूरी: दिलीप महतो
एटक लीगल सेल के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप कुमार महतो ने कहा कि ठेका मजदूरों के वेतन, रोजगार से जुड़े रिकॉर्ड, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। उन्होंने मजदूरों के कानूनी अधिकारों को प्रभावी तरीके से लागू किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
टाटा स्टील कलर्स में दुर्घटना का मामला उठाया
लीगल सेल के सचिव गिरीश कुमार सिंह ने टाटा स्टील कलर्स (ब्लूस्कोप) में 21 जून को हुई दुर्घटना का उल्लेख किया। उनके अनुसार, काम के दौरान एक ठेका मजदूर का हाथ कोहनी के नीचे से कट गया था।उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद घायल मजदूर का इलाज जरूरी है, लेकिन इसके साथ उसे वैधानिक मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास का अधिकार भी मिलना चाहिए।
‘कानून किताब में नहीं, मजदूर के जीवन में दिखाई देना चाहिए’
एटक कोल्हान प्रमंडल के महासचिव अम्बुज ठाकुर ने कहा, “कानून किताब में नहीं, मजदूर के जीवन में दिखाई देना चाहिए।” उन्होंने औद्योगिक प्रतिष्ठानों और ठेका एजेंसियों के रिकॉर्ड की जांच कराने तथा सुरक्षा मानकों का नियमित ऑडिट सुनिश्चित करने की मांग की।उन्होंने कहा कि कार्यस्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका असर मजदूरों की वास्तविक कार्य परिस्थितियों में दिखाई देना चाहिए।
एटक ने रखीं कई मांगें
प्रेस वार्ता के दौरान एटक ने औद्योगिक दुर्घटना के मामले में कई बिंदुओं की जांच की मांग की। संगठन की प्रमुख मांगें हैं जिसमे दुर्घटना की निष्पक्ष जांच,वैधानिक रिपोर्टिंग की जांच,सुरक्षा व्यवस्था और मशीनरी की जांच,ठेकेदार के लाइसेंस की जांच,नियुक्ति और वेतन रिकॉर्ड की जांच,ईएसआई और पीएफ से जुड़े रिकॉर्ड की जांच, मजदूर को मिलने वाले वैधानिक मुआवजे की जांच और घायल मजदूर के पुनर्वास की व्यवस्था की जांच।
एटक ने कहा कि यदि मामले का उचित समाधान नहीं होता है तो संगठन श्रम विभाग और न्यायिक मंचों के समक्ष कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाएगा।
प्रेस वार्ता में एटक के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में एटक संरक्षक बीरेंद्र कुमार सिन्हा, उप महासचिव हीरा अटकने, उपाध्यक्ष धनंजय शुक्ला, लीगल सेल उपाध्यक्ष शशि भूषण कुमार और सह सचिव सूरज कुमार उपस्थित रहे।
