मानगो नगर निगम के खिलाफ जदयू का विशाल धरना, विधायक सरयू राय ने मेयर और अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

जमशेदपुर के मानगो गांधी मैदान स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर सोमवार को जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जदयू और भाजपा के नेता-कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।धरने का मुख्य उद्देश्य मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली, क्षेत्र में विकास योजनाओं में हो रही देरी और मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति के खिलाफ आवाज उठाना था।

सरयू राय ने मेयर और निगम प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

धरना के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि उनकी पहल पर ही मानगो नगर निगम का गठन हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद महापौर बनीं सुधा गुप्ता क्षेत्र के विकास के बजाय राजनीतिक भावना से काम कर रही हैं।सरयू राय ने कहा कि कई विकास योजनाओं का शिलान्यास होने के बावजूद आज तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कमीशनखोरी और विकास कार्य बाधित होने का आरोप

विधायक ने आरोप लगाया कि नगर निगम के कुछ अधिकारी और मेयर के करीबी संवेदकों (ठेकेदारों) से कथित तौर पर कमीशन की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी कारण विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं और जनता को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

बरसात में बदहाल सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

सरयू राय ने कहा कि बरसात शुरू होने के बावजूद नालों की सफाई नहीं कराई गई है। कई इलाकों में नालों का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है, जबकि लगातार शिकायतों के बावजूद निगम प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन हैं और उन्हें “नींद से जगाने” के लिए लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।

धरना स्थल पर पहुंचीं महापौर सुधा गुप्ता

धरना-प्रदर्शन के दौरान मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता भी अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचीं। उनके पहुंचने के बाद कुछ देर तक राजनीतिक हलचल तेज रही। हालांकि, किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

More From Author

चाकुलिया में हाथी का जानलेवा हमला, 60 वर्षीय अनिल महतो की मौत; 7 वर्षीय नाती ने भागकर बचाई जान

टेल्को में बंद क्वार्टर का ताला काटकर चोरी, टाटा मोटर्स कर्मचारी के घर से ₹3 लाख के गहने-नकदी ले उड़े चोर