जमशेदपुर: टाटा स्टील यूएसआईएल के ठेका मजदूरों ने बोनस व छुट्टी के भुगतान पर उठाए सवाल; एटक ने पे-स्लिप देने की मांग की

Views: 2

जमशेदपुर। टाटा स्टील यूएसआईएल के ठेका प्रतिष्ठान मेसर्स मां भगवती इंटरप्राइजेज में कार्यरत मजदूरों ने बकाया बोनस और छुट्टी के पैसे के भुगतान में पारदर्शिता की मांग की है। मजदूरों का आरोप है कि ठेका प्रबंधन ने अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि का बकाया बोनस और छुट्टी की राशि बिना पूर्व सूचना के उनके बैंक खातों में भेज दी, लेकिन भुगतान का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है।एटक के महासचिव अंकुश ठाकुर ने बताया कि मजदूरों को उनके खातों में राशि तो प्राप्त हुई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि किस मद में कितनी रकम का भुगतान किया गया। ऐसे में मजदूर यह सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं कि उन्हें नियमानुसार पूरी बकाया राशि मिली है या नहीं।

आठ वर्षों से कर रहे हैं सफाई का काम

मजदूरों के अनुसार, वे पिछले करीब आठ वर्षों से टाटा स्टील यूएसआईएल में अलग-अलग ठेकेदारों के माध्यम से साफ-सफाई का काम करते आ रहे हैं। इस दौरान वे लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब बोनस और छुट्टी के बकाया भुगतान को लेकर उन्होंने ठेका प्रबंधन से स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।

भुगतान की पर्ची देने की मांग

मजदूरों ने संबंधित अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनकी मांग है कि ठेका प्रबंधन को प्रत्येक मजदूर के बैंक खाते में भेजी गई राशि का पूरा विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया जाए। इसके साथ ही भुगतान की पर्ची भी दी जाए, ताकि बोनस और छुट्टी के मद में दी गई रकम की जानकारी मिल सके।मजदूरों का कहना है कि भुगतान का पूरा हिसाब मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उन्हें बकाया राशि का पूरा भुगतान किया गया है या नहीं। उन्होंने मांग की है कि जांच में यदि किसी मजदूर की राशि बकाया पाई जाती है, तो उसका भुगतान भी सुनिश्चित कराया जाए।फिलहाल मजदूरों की मुख्य मांग भुगतान में पारदर्शिता और प्रत्येक मद का स्पष्ट हिसाब उपलब्ध कराने की है।

More From Author

भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा का निधन, पार्टी में शोक

चाईबासा में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, गिट्टी लदा हाइवा और बालू लदा ट्रैक्टर जब्त