जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के खुंटाडीह में 21 वर्षीय अजय कुमार यादव ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अजय का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया गया कि अजय एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
परिजनों ने युवती पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक के मामा रिंकू यादव ने आरोप लगाया कि अजय का कदमा निवासी एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। उनके अनुसार, युवती लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।परिजनों का यह भी दावा है कि दोनों के बीच संबंध समाप्त होने के बाद भी युवती लगातार फोन कर अजय को परेशान करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती ने अजय से ₹25 हजार लिए थे और उसे ब्लैकमेल भी कर रही थी।
मोबाइल रिकॉर्डिंग की जांच की मांग
परिजनों का कहना है कि अजय के मोबाइल फोन में दोनों के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है। उनका मानना है कि मोबाइल की जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने जांच शुरू की
सोनारी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों को लेकर फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
