जमशेदपुर के ओम कांवरिया सेवा संघ द्वारा सावन माह में देवघर जाने वाले शिवभक्तों की सेवा के लिए देवघर कांवरिया पथ के सुइयां पहाड़ स्थित घुटिया में सेवा शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर 29 जुलाई से 27 अगस्त तक संचालित होगा। शिविर की तैयारियों को लेकर 32 वोलेंटियरों की टीम सोमवार को जमशेदपुर से रवाना हुई। इसके अलावा विभिन्न शहरों से भी दर्जन भर स्वयंसेवक शिविर में सेवा देने पहुंचेंगे।
29 जुलाई को होगा शिविर का उद्घाटन
बिरसानगर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संस्था के प्रमुख पप्पू सिंह ने बताया कि शिविर का उद्घाटन 29 जुलाई की शाम पूजा-अर्चना और आरती के बाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन पिछले 16 वर्षों से लगातार कांवरिया पथ पर सेवा शिविर का आयोजन कर रहा है और हर वर्ष हजारों शिवभक्तों को सुविधाएं उपलब्ध कराता है।
भक्तों के लिए रहेंगी कई निःशुल्क सुविधाएं
पप्पू सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी शिवभक्तों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। शिविर में स्नान, भोजन, नाश्ता, शौचालय, रात्रि विश्राम और चिकित्सा संबंधी प्राथमिक सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी।इसके अलावा थके हुए कांवरियों को राहत देने के लिए फुट मसाज, हेड मसाज और बॉडी मसाज की सुविधा मशीनों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए गर्म पानी और मोबाइल चार्जिंग की व्यवस्था भी रहेगी।
सुबह-शाम पूजा, आरती और प्रसाद वितरण
शिविर में प्रतिदिन सुबह और शाम पूजा एवं आरती का आयोजन होगा। वहीं श्रद्धालुओं को नाश्ते और भोजन के रूप में पूरी, सब्जी, हलवा, फल, साबूदाना और खीर सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे।
संवाददाता सम्मेलन में कई पदाधिकारी रहे मौजूद
संवाददाता सम्मेलन में संस्था के संरक्षक धनंजय कुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह, सतेन्द्र सिंह और एमवी राव समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने शिविर की सफलता और शिवभक्तों की सेवा के लिए पूरी तैयारी होने की जानकारी दी।
