सरायकेला-खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती में छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर की 20 पुड़िया और ₹7,59,650 नकद बरामद किए हैं।
ब्राउन शुगर पेडलर के घर पर हुई छापेमारी
आदित्यपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि फरार ब्राउन शुगर आरोपियों की गिरफ्तारी और जेल से छूटे अपराधियों के सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने जावेद अंसारी उर्फ लाल्टू के मुस्लिम बस्ती स्थित मकान पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान जावेद अंसारी घर पर नहीं मिला। हालांकि पुलिस जब मकान की छत पर पहुंची तो वहां कुछ लोग नकदी की गिनती कर रहे थे। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति छत से छज्जे और पाइप के सहारे भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजाद अंसारी, निवासी गायत्री नवजीवन कॉलोनी, जुगसलाई के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर की 20 पुड़िया बरामद की गई।पूछताछ में आरोपी ने इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को बताए।
छह अन्य आरोपी नामजद, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने इस मामले में इमरान, जावेद अंसारी उर्फ लाल्टू, रशीदा खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार और प्रकाश पटेल को नामजद किया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।एसपी ने बताया कि बीती रात से पुलिस की स्पेशल टीम मुस्लिम बस्ती और राम मड़ैया बस्ती में लगातार दबिश दे रही है।
ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की रणनीति
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने स्पष्ट कहा कि जिले में ब्राउन शुगर और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य नशा कारोबारियों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है और इसके लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
