जमशेदपुर: दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी आने वाले पर्यटकों के लिए अब प्रकृति की गोद में लग्जरी ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो गई है। रविवार को मकुलाकोचा स्थित अत्याधुनिक इको रेस्ट हाउस का उद्घाटन राज्य के नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने विधिवत पूजा-अर्चना, फीता काटकर और गुब्बारे उड़ाकर किया। उद्घाटन के साथ ही रेस्ट हाउस को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया।
ऑनलाइन होगी बुकिंग, ₹3,500 प्रति रात तय किराया
उद्घाटन समारोह में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने अधिकारियों को तत्काल बुकिंग प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश देते हुए बताया कि पर्यटक दलमा वाइल्डलाइफ और झारखंड पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। रेस्ट हाउस का किराया 3,500 रुपये प्रति रात्रि निर्धारित किया गया है, जिसमें नाश्ता भी शामिल रहेगा।
11 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा इको-टूरिज्म प्रोजेक्ट
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार दलमा क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से मकुलाकोचा और पिंडराबेड़ा में 15-15 कमरों वाले आधुनिक इको रेस्ट हाउस विकसित कर रही है।उन्होंने कहा कि पिंडराबेड़ा में बन रहा हैंगिंग इको रेस्ट हाउस भी अंतिम चरण में है और जल्द ही उसे भी पर्यटकों के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।
प्रकृति के बीच मिलेगा अनोखा अनुभव
मकुलाकोचा स्थित इको रेस्ट हाउस में ठहरने वाले पर्यटक दलमा के घने जंगलों, प्राकृतिक हरियाली और शांत वातावरण का आनंद ले सकेंगे। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से राज्य में इको-टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और पौधारोपण का आयोजन
उद्घाटन समारोह के बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया।
