जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बारीडीह बस्ती में रविवार को पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आपसी रंजिश के चलते टाटा स्टील के कर्मचारी राजेन पांडे (45 वर्ष) पर उनके साले ने चापड़ से हमला कर दिया। हमले में राजेन पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कहासुनी के बाद चापड़ से किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेन पांडे अपने घर पर मौजूद थे, तभी उनका साला वहां पहुंचा। दोनों के बीच पहले से चले आ रहे पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने अपने पास मौजूद चापड़ से राजेन पांडे के सिर पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एमजीएम से टीएमएच किया गया रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद
परिजनों के अनुसार, राजेन पांडे और उनके साले के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने क्या कहा ,जाने ..
पुलिस का कहना है कि घायल के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
