जामताड़ा: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई। पुलिस के प्रारंभिक विवरण के अनुसार, उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा में यह घटना हुई।
पुलिस का दावा- हथियार छीनकर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, कैदी वैन जामताड़ा जिले की सीमा में पहुंचने पर सुजीत सिन्हा ने टॉयलेट जाने की बात कहकर वाहन रुकवाया। वाहन से उतरने के दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में हुई मौत
पुलिस का कहना है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जवाबी फायरिंग की। इस कार्रवाई में सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
जांच के बाद होगी पूरी तस्वीर साफ
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एनकाउंटर की परिस्थितियों, घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और अधिकारियों के आधिकारिक बयान के बाद पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
