गुड़ाबांधा: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा प्रखंड स्थित बनमाकड़ी पंचायत में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रखंड सचिव भुकाई सोरेन एवं अन्य पदाधिकारियों ने पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी से मुलाकात कर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया।
बैंकिंग सुविधा के लिए उपायुक्त से की बात
ग्रामीणों की मांग पर कुणाल षाड़ंगी ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने बताया कि बनमाकड़ी क्षेत्र के हजारों लोगों को बैंकिंग कार्य के लिए ज्वल्काटा स्थित बैंक जाना पड़ता है, जिसमें पूरा दिन लग जाता है। कई बार बैंक पहुंचने के बाद नेटवर्क बाधित रहने से लोगों को बिना काम के लौटना पड़ता है। इस समस्या से बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज के ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी होती है।इस पर उपायुक्त ने बताया कि लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत विभिन्न बैंकिंग संस्थानों से भी बातचीत की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बनमाकड़ी, मुराकाटी, अंगारपाड़ा और बालीजुड़ी पंचायतों के लोगों के लिए बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी उठाई
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में कमजोर मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी रखी। इस पर कुणाल षाड़ंगी ने बीएसएनएल के महाप्रबंधक से दूरभाष पर बात कर क्षेत्र में नया मोबाइल टावर स्थापित करने अथवा मौजूदा टावरों की सिग्नल क्षमता बढ़ाने का आग्रह किया।बीएसएनएल के महाप्रबंधक ने आश्वस्त किया कि अगले सप्ताह विभाग के इंजीनियर गांव का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे और नेटवर्क समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामीणों ने बैंकिंग और संचार सुविधाओं की दिशा में पहल करने के लिए कुणाल षाड़ंगी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और संबंधित विभागों की पहल से जल्द ही क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा।
