जमशेदपुर: जुगसलाई-बिष्टुपुर मुख्य मार्ग पर जुगसलाई थाना के समीप सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे एक ऑटो को कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित निकाला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में सवार सभी स्कूली बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, कुछ लोगों को हल्की चोटें आने की सूचना है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर रॉन्ग साइड से वाहन चलाने और तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि स्कूल समय के दौरान इस मार्ग पर भारी यातायात रहता है। ऐसे में यातायात नियमों की अनदेखी भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।
