जमशेदपुर में महान मजदूर नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद माइकल जॉन की पुण्यतिथि पर सोमवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे यूनियन के पदाधिकारी और कमेटी मेंबर यूनियन कार्यालय में एकत्रित हुए और स्वर्गीय माइकल जॉन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समाधि स्थल पर पुष्पांजलि और मोमबत्तियां जलाकर किया नमन
यूनियन कार्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सभी पदाधिकारी बस एवं निजी वाहनों से बिष्टुपुर स्थित कब्रिस्तान पहुंचे। वहां माइकल जॉन के समाधि स्थल पर मोमबत्तियां जलाकर और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
श्रमिक हितों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे माइकल जॉन
कार्यक्रम में उपस्थित यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि माइकल जॉन केवल एक महान श्रमिक नेता ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में भी श्रमिकों के अधिकारों और औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व और संघर्ष को आज भी श्रमिक वर्ग सम्मान के साथ याद करता है।
हर वर्ष आयोजित होता है श्रद्धांजलि कार्यक्रम
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की ओर से हर वर्ष माइकल जॉन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। यूनियन का कहना है कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और बेहतर औद्योगिक संबंधों के लिए उनका योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
