आदित्यपुर में दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू: ‘काल्पनिक हवेली’ थीम पर बनेगा 70 फीट ऊंचा भव्य पंडाल, भूमि पूजन संपन्न

आदित्यपुर: एम टाइप दुर्गा पूजा मैदान परिसर में सोमवार को प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी दुर्गा पूजा के लिए भव्य पंडाल निर्माण का विधिवत भूमि पूजन किया गया। वर्ष 1980 से चली आ रही परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक और अनोखा पूजा पंडाल तैयार किया जाएगा।

‘काल्पनिक हवेली’ थीम बनेगी मुख्य आकर्षण

संस्थान के संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि इस वर्ष पंडाल को ‘पुरानी/काल्पनिक हवेली’ की थीम पर तैयार किया जाएगा। पंडाल का बाहरी और आंतरिक स्वरूप लाइट ब्लैक रंग और मंदिर शैली के मिश्रण में होगा। साथ ही अंदर और बाहर की दीवारों पर मां काली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक कलाकृतियां और मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।

कोलकाता के कलाकार करेंगे निर्माण और लाइटिंग

पंडाल निर्माण और सजावट के लिए कोलकाता के प्रसिद्ध मूर्तिकारों और लाइटिंग कलाकारों को जिम्मेदारी दी गई है। मां पार्वती डेकोरेटर्स के संचालक अशोक कुमार डे ने बताया कि पंडाल की ऊंचाई लगभग 60 से 70 फीट होगी और इसके निर्माण पर 25 से 30 लाख रुपये की लागत आएगी। वर्तमान में करीब 40 कारीगर दिन-रात निर्माण कार्य में जुटे हैं। महालया तक पंडाल पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि इस बार पूजा आयोजन के माध्यम से स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। पंडाल परिसर में वॉल राइटिंग और विभिन्न मॉडल्स के जरिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

भूमि पूजन कार्यक्रम में शशि शेखर, भगवान सिंह, जवाहर लाल सिंह, उमेश सिंह, संजय सिंह, इन्द्रजीत पांडेय, धनंजय कुमार, सुनील गुप्ता, अनुराग सिंह और जगदीश नारायण चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

More From Author

सावन की पहली सोमवारी पर सूर्यधाम शिवालय में उमड़ा आस्था का सैलाब, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया जलाभिषेक

जमशेदपुर: महान मजदूर नेता माइकल जॉन की पुण्यतिथि पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि