जमशेदपुर के बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती निवासी एमडी आफताब का कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल आफताब को पहले जमशेदपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर के बाद बर्मामाइंस थाना का घेराव
आफताब की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती के लोग बर्मामाइंस थाना पहुंचे और घटना के विरोध में थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
स्थिति को देखते हुए बर्मामाइंस क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं, आफताब के निधन से पूरे इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।
