जमशेदपुर: शहर के ओलडीह ओपी क्षेत्र में वृद्ध महिला से सोने की चेन छीनने की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, एक देशी लोडेड पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, 40 हजार रुपये नकद, चार एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, एक डोंगल समेत अन्य सामान बरामद किया है।
1 अगस्त को हुई थी चेन स्नैचिंग की वारदात
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 1 अगस्त को शंकोसाई रोड नंबर-1 में टहल रही एक वृद्ध महिला के गले से अज्ञात अपराधियों ने सोने की चेन झपट ली थी। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर ओलडीह ओपी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल की पहचान की।
बड़ी वारदात की तैयारी में थे आरोपी, पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा
3 अगस्त की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वसुंधरा एस्टेट के समीप स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट के एक जर्जर क्वार्टर में तीन अपराधी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी लूट की वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी में हथियार, नकदी और लूटी गई चेन शामिल
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन,एक देशी लोडेड पिस्तौल,दो जिंदा कारतूस,सोने का एक टुकड़ा,₹40,000 नकद,चार एंड्रॉयड मोबाइल,एक कीपैड मोबाइल,एक डोंगल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया।
पूछताछ में कबूला अपराध
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 1 अगस्त को वृद्ध महिला से चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि लूटी गई चेन को बिष्टुपुर स्थित एक सुनार की दुकान में बेच दिया था।आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि वे एनएच-33 पर हथियार के बल पर लूटपाट की नई वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
तीनों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चेन स्नैचिंग के अलावा शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपी में बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल (26 वर्ष),हरप्रीत सिंह उर्फ रितिक (26 वर्ष) और राजा बनर्जी उर्फ बड़ा चेला (28 वर्ष) शामिल है।
