जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग का खुलासा, साकची पुलिस ने दो आरोपियों को चोरी की चेन के साथ किया गिरफ्तार

जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में महिला से चेन छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। मामले की जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में दी।

31 जुलाई की रात हुई थी वारदात

सिटी एसपी ने बताया कि 31 जुलाई की रात चंदना दास नामक महिला जुबली पार्क रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर साकची थाना में मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर भालूबासा निवासी राहुल गोप उर्फ बल्ले और आमिर सरफराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चेन स्नैचिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई चेन भी बरामद कर ली।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल गोप उर्फ बल्ले के खिलाफ विभिन्न थानों में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आमिर सरफराज के खिलाफ साकची थाना में दो मामले पहले से दर्ज हैं।दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

बाहरी जिलों के अपराधी भी हैं सक्रिय

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि शहर में लगातार हो रही छीनतई की घटनाओं में दूसरे जिलों और पड़ोसी राज्यों के अपराधियों की भी संलिप्तता सामने आ रही है। इन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सरायकेला पुलिस सहित अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

More From Author

जमशेदपुर: आसंगी चेकडैम में डूबे एनआईटी छात्र मीर तनवीर हसन का शव चार दिन बाद दोमुहानी से बरामद