जमशेदपुर के आसंगी चेकडैम में डूबे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जमशेदपुर के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव गुरुवार सुबह सोनारी स्थित दोमुहानी क्षेत्र से बरामद किया गया। चार दिनों तक चले लगातार सर्च अभियान के बाद शव मिलने से परिजनों और सहपाठियों का इंतजार समाप्त हुआ, लेकिन पूरे संस्थान में शोक का माहौल है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे थे छात्र
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के निवासी मीर तनवीर हसन रविवार को अपने साथियों के साथ आरआईटी के समीप आसंगी स्थित खरकाई नदी के चेकडैम में नहाने गए थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव के कारण डूब गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोज अभियान शुरू किया था।
एनडीआरएफ ने दोमुहानी से बरामद किया शव
लगातार चार दिनों तक नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने सोनारी के दोमुहानी क्षेत्र से छात्र का शव बरामद किया।सूचना मिलने के बाद परिजन और एनआईटी जमशेदपुर के कई छात्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कॉलेज परिसर में शोक की लहर
मीर तनवीर हसन एनआईटी जमशेदपुर में बीटेक चौथे वर्ष के छात्र थे। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर से संस्थान में शोक की लहर दौड़ गई है।सहपाठियों और शिक्षकों ने उन्हें एक मेधावी, शांत स्वभाव और मिलनसार छात्र बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
घटना के बाद छात्रों ने नदी, चेकडैम और अन्य जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।छात्रों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा बैरिकेडिंग, लाइफ सेविंग उपकरण और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
