आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर डॉ. तनुश्री बोस को हाल ही में प्राप्त मानद डॉक्टरेट के उपलक्ष्य में गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने महापौर संजय सरदार से शिष्टाचार मुलाकात की।महापौर ने शिक्षा, सामुदायिक विकास, मानवीय नेतृत्व और लोक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान के लिए जताया आभार
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. तनुश्री बोस ने महापौर संजय सरदार एवं आदित्यपुर नगर निगम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा, सामाजिक सेवा, जन-जागरूकता और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
शिक्षा और समाज सेवा में निभा रही हैं सक्रिय भूमिका
डॉ. तनुश्री बोस वर्तमान में केरल पब्लिक स्कूल, गम्हरिया में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ-साथ वे सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और जनसेवा से जुड़े विभिन्न अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
डॉ. तनुश्री बोस को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। जिसमे प्रमुख उपलब्धियां मिसेज इंडिया आईएमपी झारखंड 2025 विनर,सुपर मॉम झारखंड 2025 विनर,मिसेज इंडिया नेशनल ग्लैम प्राइड 2025 विनर,वर्ल्ड कल्चर एंड एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन कमीशन की इंटरनेशनल मेंबर के रूप में मनोनयन शामिल है।उनके शिक्षा, समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
महिला सशक्तिकरण की बनीं प्रेरणा
डॉ. तनुश्री बोस लगातार शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रही हैं। नगर निगम ने भी उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए सम्मानित किया।
