जमशेदपुर:जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा में गुरुवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला कर करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए। तीन अपराधियों ने सुनसान और अंधेरे रास्ते का फायदा उठाते हुए महिला का गला दबा दिया, जिससे उनके मुंह से खून निकलने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
रेकी कर बनाया निशाना: दवा लेकर लौट रही थीं पीड़िता
घटना के संबंध में परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तुरियाबेड़ा की रहने वाली मंजू देवी गुरुवार रात करीब 9:30 बजे रामनगर से अपनी दवाइयां लेकर पैदल घर लौट रही थीं। आरोप है कि एक संदिग्ध युवक काफी दूर से उनका पीछा कर रहा था। उसने फोन करके रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे अपने दो अन्य साथियों को महिला के पास सोने के गहने होने की सूचना दी। घर से महज 500 मीटर पहले अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों बदमाशों ने मंजू देवी को जबरन घेर लिया।
गला दबाया, मुंह से निकला खून; गहने लूटे
अपराधियों ने महिला के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। एक बदमाश ने महिला का गला इतनी जोर से दबाया कि वह चीख भी न सकें। अत्यधिक दबाव के कारण वृद्ध महिला के मुंह से खून निकलने लगा। इस दौरान दूसरे बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन और कान से सोने की बाली नोंच ली। इसी बीच सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल की हेडलाइट की रोशनी जैसे ही पड़ी, पकड़े जाने के डर से तीनों लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।महिला के बेटे शंकर प्रसाद ने बताया कि उनकी मां को लहूलुहान हालत में नजदीकी क्लीनिक ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। लूटे गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये है।
पुलिस कर रही सीसीटीवी जांच; अंधेरे और नशेडियों को लेकर फूटा बस्तीवासियों का गुस्सा
सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ के बाद इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।वहीं, घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी जन-आक्रोश व्याप्त है। बस्तीवासियों का आरोप है कि इलाके में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे शाम ढलते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पास के खाली मैदान में हर शाम नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और पुलिस गश्त न के बराबर होती है।स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग शुरू की जाए, लाइट दुरुस्त की जाए और नशेड़ियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए।
