जमशेदपुर में 13वां राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का हुआ आयोजन, राज्यपाल संतोष गंगवार ने बुनकरों को किया सम्मानित

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में शुक्रवार को 13वें राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए उत्कृष्ट बुनकरों और हस्तकरघा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कारीगरों को सम्मानित किया।यह आयोजन वीवर्स डेवलपमेंट एंड रिसर्च ऑर्गनाइजेशन द्वारा किया गया, जिसमें झारखंड सहित देश के कई राज्यों से बड़ी संख्या में बुनकर, शिल्पकार, हस्तकरघा विशेषज्ञ और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

हस्तकरघा प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

समारोह के दौरान पारंपरिक हस्तकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों की हस्तनिर्मित वस्त्र कला, पारंपरिक बुनाई और हस्तशिल्प की अनूठी झलक देखने को मिली।

‘हर धागे में बसती है भारत की संस्कृति’ : राज्यपाल

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि हस्तकरघा केवल वस्त्र निर्माण का माध्यम नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और लोकजीवन का जीवंत प्रतीक है।उन्होंने कहा कि हर धागे में देश की संस्कृति, इतिहास और लोककला की कहानी छिपी होती है। बुनकरों का योगदान आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का उद्देश्य बुनकरों के परिश्रम को सम्मान देना और नई पीढ़ी को भारतीय हस्तकरघा परंपरा से जोड़ना है। यह दिवस देश के लाखों बुनकर परिवारों की मेहनत और समर्पण को पहचान दिलाने का अवसर भी है।

आनंद साहू बोले- जमशेदपुर के लिए गौरव का अवसर

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता आनंद साहू ने की। उन्होंने कहा कि पहली बार जमशेदपुर में इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का आयोजन हुआ है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में बुनकरों की भागीदारी रही।उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हस्तकरघा उद्योग को नई पहचान देने के साथ-साथ बुनकरों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य भी मौजूद रहे।

More From Author

सरायकेला में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात ट्रक की टक्कर से ‘ऑल्टो बाबा’ की मौत

जमशेदपुर: भारतीय मॉडल मिडिल स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का हुआ आयोजन , मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान